LOADING

Type to search

राजसमंद में सड़क पर दिखे तीन लेपर्ड

Local

राजसमंद में सड़क पर दिखे तीन लेपर्ड

Share

पानी और शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र तक पहुंचे वन्यजीव, ग्रामीणों में दहशत
राजसमंद, 12 मई:
राजसमंद जिले में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। कुंवारिया और पोदावली के बीच रविवार देर रात एक साथ तीन लेपर्ड सड़क पर घूमते नजर आए। राहगीरों ने उनका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे कुछ वाहन चालक कुंवारिया-पोदावली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर तीन लेपर्ड विचरण करते दिखाई दिए। अचानक सामने आए लेपर्ड को देखकर वाहन चालक घबरा गए। कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों के जल स्रोत तेजी से सूख रहे हैं। पानी और शिकार की तलाश में लेपर्ड आबादी क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लेपर्ड मूवमेंट बढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने चिंता जताई है कि रात के समय यह स्थिति खतरनाक हो सकती है, खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और गांवों में सतर्कता अभियान चलाने की मांग की है।
डीएफओ रामानंद भाकर ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ वन्यजीवों का मूवमेंट आबादी क्षेत्रों की ओर बढ़ना सामान्य है। विभाग ने लोगों से रात में सतर्क रहने और अकेले सुनसान क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *