सोती महिलाओं के जेवर लूटने वाली गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
Share
राजस्थान-मध्यप्रदेश में 30 से ज्यादा वारदातें कबूलीं, मंदिरों के दानपात्र और चांदी के छत्र भी चुराए
चित्तौड़गढ़, 20 अगस्त: चित्तौड़गढ़ पुलिस ने रात में घरों में घुसकर सोती महिलाओं के जेवर लूटने और मंदिरों में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी और लूट का माल बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में 30 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है।
एसपी धर्मेंद्र यादव के अनुसार 13 अगस्त की रात आछोड़ा गांव में बदमाश वृद्ध दंपती के घर में घुसे थे। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे आरोपियों ने लालूराम और सोहनी बाई को जान से मारने की धमकी दी। बदमाश सोहनी बाई के हाथों की चांदी की चूड़ियां और पैरों के कड़े उतारकर ले गए। साथ ही मोबाइल और घड़ी भी लूट ली।
जांच के लिए जिला स्पेशल टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने कालू कालबेलिया, तेजपाल उर्फ तेजू कालबेलिया और सुरेश कालबेलिया को गिरफ्तार किया। तीनों पारसोली से वारदात के बाद गहने सुनार को बेचने की तैयारी में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने महिलाओं से जेवर लूटने के अलावा भीलवाड़ा, प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में मंदिरों के दानपात्र, चांदी के छत्र और मूर्तियां चोरी करना भी कबूला है। पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।

