एमडीएमए ड्रग्स के साथ तीन तस्कर और एक खरीदार गिरफ्तार
Share
उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 104 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
उदयपुर, 10 मई: उदयपुर में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सवीना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ तीन तस्करों और एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के निर्देशन में थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने जोधपुर निवासी विकास विश्नोई से 10.7 ग्राम, राजूराम विश्नोई से 60 ग्राम और अनिल गोदारा से 33.7 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की। वहीं मनवाखेड़ा निवासी निर्मल पुरी को खरीदार के रूप में गिरफ्तार किया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े और भी लोग सामने आ सकते हैं। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक लादू जाट, कॉन्स्टेबल किशोर, जिग्नेश गुर्जर, मांगीलाल और छगनलाल शामिल रहे।
