अफीम और पिस्टल के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Share
पुलिस को देखकर कच्चे रास्ते पर भागे, पीछा कर दबोचा
चित्तौड़गढ़, 6 जून: जिले की मंगलवाड़ थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 89.24 ग्राम अवैध अफीम, एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की गश्ती टीम को देखकर मुख्य सड़क छोड़ कच्चे रास्ते से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
थानाधिकारी एसआई गोकुललाल डांगी की टीम डूंगला रोड स्थित मंगलवाड़ तालाब के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान डूंगला की ओर से आ रही एक कार पुलिस वाहन देखकर मिर्चाखेड़ी की तरफ कच्चे मार्ग पर मुड़ गई। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और कार को रुकवा लिया।
पूछताछ में चालक की पहचान जालोर निवासी राकेश कुमार गोदारा के रूप में हुई। उसके साथ भदेसर निवासी हितेश सालवी और बालोतरा निवासी भोमाराम जाट भी मौजूद थे। तलाशी के दौरान कार से अवैध अफीम, देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने मादक पदार्थ, हथियार और कार को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में अफीम तस्करी की आशंका जताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। कार्रवाई एएसपी मुकुल शर्मा और डीएसपी देशराज कुलदीप के निर्देशन में की गई।
