सलूंबर में 5 मासूमों की मौत पर सरकार पर बरसे टीकाराम जूली
Share
लालपुरा पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बोले— सरकार को वोटों की चिंता, पीड़ित परिवार अब भी मदद से वंचित
उदयपुर, 25 अप्रैल: सलूंबर जिले के लालपुरा गांव में रहस्यमयी बीमारी से पांच मासूम बच्चों की मौत के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को लसाड़िया क्षेत्र के लालपुरा गांव पहुंचे जूली ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और कहा कि यदि समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिलती तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता की नहीं, केवल वोटों की चिंता है।
गांव पहुंचने के बाद जूली ने स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव गायत्री राठौड़ को फोन कर मामले की जानकारी ली और पूछा कि अब तक बीमारी के कारणों का पता क्यों नहीं चल पाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों के कारण हालात गंभीर हो गए हैं और इसका खामियाजा गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।
टीकाराम जूली ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद पीड़ित परिवारों को अब तक मुख्यमंत्री राहत कोष से कोई सहायता नहीं मिली है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता बताते हुए कहा कि यह आदिवासी क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है, जहां न रोजगार योजनाओं का सही लाभ मिल रहा है और न स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी हैं।
जूली ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष का कोई बड़ा नेता अब तक गांव में पीड़ित परिवारों का हाल जानने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र के विकास का बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है, जबकि सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं।
