LOADING

Type to search

रॉन्ग साइड से आए ट्रैक्टर ने तीन युवकों को कुचला, दर्दनाक मौत

Local

रॉन्ग साइड से आए ट्रैक्टर ने तीन युवकों को कुचला, दर्दनाक मौत

Share

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर हादसा, सड़क किनारे खड़े दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा; चालक फरार
उदयपुर, 22 अप्रैल:
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। टीडी थाना क्षेत्र के पडूणा गांव स्थित अड़ा पुलिया के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि दो युवकों के सिर कुचल गए, जबकि तीसरे युवक के हाथ-पैर टूट गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
टीडी थाना पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राकेश (24) पुत्र जगा मीणा, प्रकाश (29) पुत्र रामलाल मीणा निवासी कगरा पडूणा तथा गोमाराम (24) पुत्र भगवतीलाल मीणा के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश और प्रकाश बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक से परसाद गांव जा रहे थे। रास्ते में अड़ा पुलिया के पास उनका दोस्त गोमाराम मिल गया। दोनों ने बाइक सड़क किनारे रोक दी और तीनों बातचीत करने लगे।
इसी दौरान रॉन्ग साइड से तेज गति में आए ट्रैक्टर ने तीनों को चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क के बीच जा गिरे। बाइक भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर टीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले टीडी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एमबी अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक राकेश के पिता जगा मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *