LOADING

Type to search

उदयपुर में पहाड़ी से टकराया ट्रक, धू-धू कर जला

Local

उदयपुर में पहाड़ी से टकराया ट्रक, धू-धू कर जला

Share

हाईवे पर मची अफरा-तफरी, आंगनबाड़ी का पोषाहार राख; ड्राइवर को राहगीरों ने बचाया
उदयपुर, 22 अप्रैल:
उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58-ई पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पहाड़ी से टकरा गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। हादसा बाघपुरा थाना क्षेत्र के रण घाटी इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर बाद शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया और उसमें लदा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषाहार जलकर राख हो गया।
हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में फंस गया था, लेकिन मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
संकरे और पहाड़ी मार्ग पर ट्रक में आग लगने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों को देखकर दोनों ओर से आ रहे वाहनों को रोकना पड़ा, जिससे सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रुकवाकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
घटनास्थल शहर से दूर होने के कारण दमकल को पहुंचने में लगभग एक घंटा लग गया। तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक के पहाड़ी से टकराने के बाद हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ब्रेक फेल होने से तो हादसा नहीं हुआ। इस दुर्घटना में जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ, हालांकि चालक की जान बच जाने से बड़ा हादसा टल गया।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *