LOADING

Type to search

आत्मविश्वास और संतुलन से मिलती है वास्तविक शांति: प्रशांत अग्रवाल

dharm

आत्मविश्वास और संतुलन से मिलती है वास्तविक शांति: प्रशांत अग्रवाल

Share

उदयपुर, 13 नवंबर। नारायण सेवा संस्थान के सेवातीर्थ स्थित ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ में आध्यात्मिक संवाद श्रृंखला ‘अपनों से अपनी बात’ के तहत संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने भगवान गौतम बुद्ध के जीवन दर्शन और अष्टावक्र-राजा जनक के संवादों के माध्यम से जीवन जीने की कला समझाई। उन्होंने कहा कि सही दृष्टिकोण, विवेक, आत्मविश्वास और संतुलन ही व्यक्ति को वास्तविक शांति और स्वतंत्रता की ओर ले जाते हैं।
अग्रवाल ने मगध के राजा अजातशत्रु और मंत्री वस्सकार के प्रसंग के माध्यम से बुद्ध के बताए वज्जियों के सात सिद्धांतों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि एकता, सामूहिक निर्णय, नियमों का पालन, बड़ों का सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और धर्मस्थलों के प्रति श्रद्धा किसी भी समाज की मजबूती के आधार हैं। संगठन और परिवार की वास्तविक शक्ति आपसी विश्वास, अनुशासन और सम्मान में निहित है।
बुद्ध और भिक्षु मालुंक्य की कथा के माध्यम से उन्होंने समझाया कि अनावश्यक सवालों में उलझने के बजाय उन बातों पर ध्यान देना चाहिए, जो दुख दूर कर जीवन को बेहतर बनाएं। विष-बुझे तीर का उदाहरण देते हुए बुद्ध ने बताया कि पहले तीर निकालना जरूरी है, न कि तीर चलाने वाले की जानकारी जुटाना। वहीं अंधे और हाथी की कथा से अधूरे ज्ञान पर अहंकार न करने, कालाम लोगों की सीख से हर बात को विवेक की कसौटी पर परखने और वीणा के तारों के उदाहरण से जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
अष्टावक्र और राजा जनक के संवादों के जरिए आत्मज्ञान की महत्ता बताई गई। उनकी शिक्षाओं में साक्षी भाव, आत्मपहचान, क्षमा, सरलता, दया, संतोष और सत्य को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी गई।
अग्रवाल ने कहा कि किसी व्यक्ति की क्षमता का आकलन उसकी शारीरिक बनावट या बाहरी परिस्थितियों से नहीं करना चाहिए। बुद्ध द्वारा रोगी भिक्षु की सेवा के प्रसंग को ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जरूरतमंद, बीमार और दिव्यांगजनों की सेवा ही सच्ची आध्यात्मिकता है। कथा के दौरान संस्थान से लाभान्वित दिव्यांगजनों के अनुभव भी साझा किए गए। उनके परिजनों ने भी कथा का श्रवण किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *