सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, तीन घायल
Share
उदयपुर, 28 अप्रैल: सलूंबर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। नाथ समाज के लोग एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी उनकी ईको कार बरोड़ा के पास पुलिया से करीब पांच फीट नीचे नदी में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

झल्लारा थाने के कॉन्स्टेबल नयनपाल ने बताया कि हादसे में सलूंबर ब्लॉक के दौलपुरा निवासी वकतनाथ (85) पुत्र दौलतनाथ और उनके छोटे भाई नाथूनाथ (80) पुत्र दौलतनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई समाज के कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। कार में उनके साथ कराकला निवासी गौतम नाथ (85), ओंकारनाथ (70) और खरका निवासी रूपनाथ (75) भी सवार थे, जो हादसे में घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिया के पास कार अचानक बेकाबू हो गई और नीचे नदी में जा गिरी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों का उदयपुर में उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
