दीपावली पर देश के पर्यटन नक्शे पर उदयपुर की धमक, जयपुर के बाद दूसरा स्थान
Share
एक्लिवास की टॉप-10 सूची में झीलों की नगरी ने बनाई जगह, राजस्थान के दो शहर शीर्ष पायदानों पर
उदयपुर, 19 अक्टूबर: दीपावली की छुट्टियों में देशभर के सैलानियों को आकर्षित करने वाले पर्यटन स्थलों में उदयपुर ने बड़ी जगह बनाई है। ट्रैवल पोर्टल ‘एक्लिवास’ की दीपावली-2026 के लिए जारी देश के शीर्ष 10 पर्यटन स्थलों की सूची में झीलों की नगरी दूसरे स्थान पर है। जयपुर को पहला स्थान मिला है। यह रैंकिंग उदयपुर की ऐतिहासिक विरासत, झीलों और सांस्कृतिक खूबसूरती के पर्यटन आकर्षण को रेखांकित करती है।
शीर्ष दो स्थानों पर राजस्थान का दबदबा
पोर्टल की सूची में जयपुर और उदयपुर के बाद दिल्ली-एनसीआर, गोवा, नासिक, लोनावला, अलीबाग, ऋषिकेश, कुर्ग और ऊटी शामिल हैं। सूची के शुरुआती दोनों स्थान राजस्थान के शहरों को मिलना प्रदेश की पर्यटन पहचान के लिहाज से अहम है।
झीलें, महल और जगमगाते बाजार बना रहे आकर्षण
दीपावली के दौरान पिछोला झील का नजारा, ऐतिहासिक महल, पुराने शहर की संकरी गलियां और रोशनी से सजे बाजार पर्यटकों के अनुभव को खास बनाते हैं। नौकायन, पारंपरिक हस्तशिल्प की खरीदारी और राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद भी यहां आने वाले सैलानियों के आकर्षण का हिस्सा है।

