पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उदयपुर पुलिस का बड़ा कदम
Share
राजीव गांधी पार्क के पास कल होगा नए पर्यटक बूथ का शुभारंभ; भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मौके पर मिलेगी सहायता
उदयपुर, 11 अगस्त: झीलों की नगरी उदयपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और सुगम आवागमन को मजबूत करने के लिए पर्यटन पुलिस नया कदम उठाने जा रही है। पर्यटन पुलिस थाना जिला उदयपुर की ओर से 12 अगस्त को सुबह 11:30 बजे रानी रोड स्थित राजीव गांधी पार्क के पास नए पर्यटक बूथ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन करेंगी।
भीड़ वाले क्षेत्र में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
वर्तमान में गुलाब बाग, दूधतलाई, सहेलियों की बाड़ी, फतहसागर और सुखाड़िया सर्कल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटन पुलिस तैनात रहती है। इसके अलावा प्रमुख स्थलों पर 24 पर्यटक पेट्रोलिंग टीमें गश्त करती हैं। रानी रोड और राजीव गांधी पार्क के आसपास पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नया बूथ स्थापित किया जा रहा है, ताकि किसी भी समस्या का मौके पर त्वरित समाधान किया जा सके।
पर्यटक सहायता के लिए हेल्पलाइन
पर्यटक सहायता के लिए कंट्रोल रूम 0294-2414600, टूरिस्ट पुलिस 0294-2425242 और टूरिस्ट हेल्पलाइन 73000-59984 पर संपर्क किया जा सकता है। शुभारंभ कार्यक्रम में एएसपी शहर उमेश ओझा, डीएसपी पश्चिम राजेश यादव और डीएसपी पूर्व छवि शर्मा मौजूद रहेंगी।

