उदयपुर में बदला मौसम: सुबह ठंडी हवा, दोपहर में गर्मी—शाम को बारिश
Share
उदयपुर, 5 मई: झीलों की नगरी उदयपुर में मंगलवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए। सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और हल्की ठंडक के साथ हुई, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। सुबह के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहे और वातावरण काफी सुहावना बना रहा।
दोपहर होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज धूप के साथ गर्मी का असर बढ़ गया। उमस के कारण लोग फिर से पसीने से परेशान नजर आए। हालांकि, शाम ढलते ही मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी और कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी और दिनभर की गर्मी से राहत दिलाई।
मौसम में इस तरह के बदलाव से आमजन को राहत तो मिली ही, साथ ही शहर के कई हिस्सों में लोग शाम के समय खुले में घूमते और ठंडी हवा का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इस तरह का उतार-चढ़ाव अगले एक-दो दिन तक बना रह सकता है, जिसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
चित्तौड़गढ़ में 14 एमएम बारिश से मौसम सुहावना
चित्तौड़गढ़ में सोमवार रात हुई 14 एमएम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया। तापमान में गिरावट दर्ज हुई और वातावरण में ठंडक घुल गई। अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबकि बुधवार से मौसम साफ होने के आसार हैं। यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है, जिससे फसलों को पर्याप्त नमी मिल रही है।
