उदयपुर के सिमबॉक्स ने वैश्विक मंच पर बढ़ाया भारत का गौरव
Share
आर्मेनिया स्टार्टअप समिट में दुनिया के टॉप-20 स्टार्टअप्स में मिली जगह, 72 देशों के बीच 12वीं रैंक हासिल
उदयपुर, 4 अगस्त: उदयपुर के युवा उद्यमियों नितेश त्रिपाठी और आयुष जानी द्वारा विकसित एआई-आधारित वैश्विक व्यापार मंच सिमबॉक्स (Simbox) ने आर्मेनिया के येरेवन में आयोजित प्रतिष्ठित सीसाइड स्टार्टअप समिट-2026 में विश्व के शीर्ष-20 स्टार्टअप्स में स्थान बनाकर भारत और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। राजस्थान सरकार के आई-स्टार्ट उदयपुर से इनक्यूबेटेड इस स्टार्टअप ने 72 देशों के एक हजार से अधिक स्टार्टअप्स के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए वैश्विक रैंकिंग में 12वां स्थान हासिल किया।
समिट में भारत के सात स्टार्टअप्स टॉप-20 में शामिल हुए। सिमबॉक्स भारतीय एमएसएमई, निर्माताओं और निर्यातकों को एआई की मदद से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की पहचान, नए निर्यात बाजारों का विश्लेषण और वैश्विक व्यापार को सरल बनाने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच उपलब्ध कराता है।
समिट के दौरान सिमबॉक्स को कई अंतरराष्ट्रीय वेंचर कैपिटल निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कंपनी मध्य-पूर्व के निवेशकों के साथ अफ्रीकी बाजारों में विस्तार को लेकर भी चर्चा कर रही है। इस उपलब्धि ने साबित किया है कि टियर-2 शहरों से विकसित भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स भी वैश्विक नवाचार मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाने में सक्षम हैं।

