परिवादी बनकर समझें शिकायत, तभी मिलेगी राहत : जिला कलक्टर
Share
संपर्क पोर्टल शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर, योजनाओं की प्रगति और गैस वितरण पर भी हुई समीक्षा
उदयपुर, 20 अप्रैल: जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और प्रत्येक अधिकारी स्वयं को परिवादी की स्थिति में रखकर शिकायतों का समाधान करे, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
सोमवार शाम आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की भी निगरानी सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रधानमंत्री प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ, विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों, जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के मामलों तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही बजट घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर, जिला परिषद सीईओ विरमाराम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलक्टर अग्रवाल ने इसके बाद विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा में विभागवार पौधरोपण लक्ष्यों और मानसून पूर्व तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर प्रदेश को हरा-भरा बनाने में योगदान दें।
डीएमएफटी बैठक में स्वीकृत, पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा नव स्वीकृत कार्यों की तकनीकी स्वीकृतियां जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पैरोल समिति, डिस्ट्रिक्ट लेवल नारको कॉर्डिनेशन सेंटर तथा 20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा भी की गई। बैठक में एएसपी लखमनराय राठौड़, अंजना सुखवाल, उप वन संरक्षक मुकेश सैनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गैस वितरण नीति पर भी हुई चर्चा
राजस्थान सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नीति 2025 के तहत जिला गैस वितरण समिति की बैठक भी जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पीएनजी और सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने, वायु प्रदूषण में कमी लाने, घरेलू एवं औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जिला कलक्टर ने पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सीएनजी स्टेशन स्थापना हेतु संभावित स्थलों के चिन्हीकरण पर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्य सचिव आसिफ अंसारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं हितधारक उपस्थित रहे।
