‘ऑपरेशन प्रहार’ का पोस्टर विमोचन
Share
उदयपुर, 8 अगस्त: युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से न्यू विजन संस्थान और श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन ने ‘ऑपरेशन प्रहार-नशे के खिलाफ जन-जन का अभियान’ शुरू किया है। अभियान के पोस्टर का विमोचन सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर निकालने में समाज को सहयोग करना चाहिए। अभियान की शुरुआत ‘नशा छोड़ो-जीवन मोड़ो’ संदेश के साथ होगी। रविवार को घाटा वाली माताजी मंदिर में श्रद्धालुओं को ‘दूध पियो-स्वस्थ रहो’ संदेश के साथ दूध वितरित किया जाएगा। अभियान तीन चरणों में जागरूकता, संकल्प और सरकारी एजेंसियों के सहयोग से नशामुक्ति तक चलेगा।
उदयपुर जिले को मिले 8 नए पटवारी
उदयपुर, 8 अगस्त: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 में अंतिम रूप से चयनित आठ अभ्यर्थियों को उदयपुर जिला आवंटित किया गया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी को दो वर्ष के लिए परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु के रूप में अस्थाई नियुक्ति दी है। इनमें गैर-अनुसूचित क्षेत्र के तीन और अनुसूचित क्षेत्र के पांच अभ्यर्थी शामिल हैं। नियुक्त अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। दस्तावेज सत्यापन के बाद पटवारी प्रोबेशन ट्रेनिंग 10 अगस्त से शुरू होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को जिला कलेक्टर कार्यालय के भू-अभिलेख अनुभाग में निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश की तारीख बढ़ी
उदयपुर, 8 अगस्त: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मावली में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी 10 अगस्त तक जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए आवेदन कर सकेंगे। विद्यालय प्राचार्य घनश्याम मीना ने बताया कि अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से नि:शुल्क आवेदन कर सकते हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर 11 और 12 अगस्त को मिलेगा। इस दौरान लिंग, श्रेणी, क्षेत्र, दिव्यांगता और परीक्षा माध्यम सहित निर्धारित विवरणों में आवश्यक संशोधन किया जा सकेगा।

