नीट पेपर लीक विरोध में बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
Share
कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश पर कांग्रेस और BAP कार्यकर्ताओं से झड़प, कई घायल
बांसवाड़ा, 23 जुलाई: बांसवाड़ा में नीट पेपर लीक मामले के विरोध में कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन गुरुवार को उस समय उग्र हो गया, जब पुलिस ने उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की के बाद हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
कांग्रेस और बीएपी कार्यकर्ता पहले कुशलबाग में एकत्र हुए और वहां से रैली निकालते हुए दोपहर करीब 12:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारी सभी कार्यकर्ताओं को परिसर में प्रवेश देकर ज्ञापन सौंपने की मांग कर रहे थे, जबकि पुलिस ने केवल पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अनुमति देने की बात कही।
पुलिस के रोकने के बावजूद प्रदर्शनकारी मुख्य गेट से जबरन अंदर घुसने लगे, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मौके पर डीएसपी मनीष चारण, कोतवाल नागेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जारी रखा।
