ऋषभदेव और इडाणा माताजी मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल करने का आग्रह
Share
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से की मुलाकात; यात्री सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन विकास का रखा प्रस्ताव
उदयपुर, 10 अगस्त: उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर उदयपुर जिले के ऋषभदेव (केसरियाजी) मंदिर और श्री इडाणा माताजी मंदिर को केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के समग्र विकास और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
ऋषभदेव मंदिर को टेंपल टाउन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव
सांसद ने बताया कि ऋषभदेव मंदिर ऐतिहासिक एवं प्राचीन तीर्थस्थल है, जहां जैन और हिंदू समुदाय के श्रद्धालु समान आस्था से पहुंचते हैं। परिसर में चारभुजा जी, सोमनाथ और मरूदेवी माता के मंदिर भी हैं। करीब 800 वर्ष पुराना ऐतिहासिक रथ यहां के रथोत्सव का प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने मंदिर को टेंपल टाउन के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मांगी।
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर जोर
डॉ. रावत ने पर्यटक सुविधा एवं सूचना केंद्र, प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर, पाथवे और लैंडस्केपिंग, स्थानीय हस्तशिल्प केंद्र, साउंड एंड लाइट शो, परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा ध्यान केंद्र स्थापित करने के सुझाव दिए। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई।
इडाणा माता मंदिर के विकास की भी मांग
सांसद ने इडाणा माताजी मंदिर में बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, आवागमन, प्रतीक्षालय, धर्मशाला, प्रकाश व्यवस्था, सूचना केंद्र और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं सहित पर्यटन अवसंरचना विकसित करने का आग्रह किया।

