LOADING

Type to search

टेंट हाउस का बिल पास करने के बदले मांगी रिश्वत, VDO गिरफ्तार

Rajasthan

टेंट हाउस का बिल पास करने के बदले मांगी रिश्वत, VDO गिरफ्तार

Share

एसीबी ने सागवाड़ा में ₹3 हजार लेते रंगे हाथ दबोचा, ₹14,100 के बिल के एवज में पहले मांगे थे ₹5 हजार
डूंगरपुर, 24 जुलाई:
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को तेज करते हुए राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा उपखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत फलातेड के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) राजेन्द्र कुमार डामोर को ₹3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ग्रामीण सेवा शिविर में लगाए गए टेंट का भुगतान कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की इस कार्रवाई से पंचायत राज विभाग में हड़कंप मच गया।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन ने बताया कि परिवादी टेंट हाउस का व्यवसाय करता है। उसने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम विकास अधिकारी के कहने पर उसने 6 मई 2026 और 7 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत फलातेड में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में टेंट की व्यवस्था की थी। दोनों कार्यक्रमों के बाद परिवादी ने कुल ₹14,100 का बिल भुगतान के लिए ग्राम पंचायत में प्रस्तुत किया, लेकिन बिल पास करने के बदले ग्राम विकास अधिकारी ने ₹5 हजार की रिश्वत की मांग कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने नियमानुसार उसका सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। सत्यापन के दौरान परिवादी के अनुरोध पर आरोपी ₹5 हजार के बजाय ₹3 हजार लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से ₹3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *