LOADING

Type to search

पदोन्नति को लेकर प्रदेशभर में VDO का प्रदर्शन तेज, जयपुर कूच की चेतावनी

Local

पदोन्नति को लेकर प्रदेशभर में VDO का प्रदर्शन तेज, जयपुर कूच की चेतावनी

Share

उदयपुर, 23 मार्च: राजस्थान में ग्राम विकास अधिकारियों का ‘पदोन्नति नहीं तो काम नहीं’ आंदोलन तेज होता जा रहा है। डूंगरपुर, बांसवाड़ा और सलूंबर सहित कई जिलों में अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगें नहीं माने जाने पर 8 अप्रैल को जयपुर में घेराव की चेतावनी दी गई है।
डूंगरपुर: कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, 30 मार्च तक अल्टीमेटम


डूंगरपुर। ग्राम विकास अधिकारी संघ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। जिला अध्यक्ष राहुल रोत ने बताया कि 2025 में स्थगित पदोन्नतियां अब तक नहीं हुई हैं, जबकि कई अधिकारी 27-29 साल से इंतजार कर रहे हैं। संघ ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। 30 मार्च तक मांगें पूरी नहीं होने पर 8 अप्रैल को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी गई है।
बांसवाड़ा: 6 साल से लंबित पदोन्नति पर आक्रोश



बांसवाड़ा। जिलेभर के ग्राम विकास अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ ने आरोप लगाया कि बजट में वादा होने के बावजूद 6 साल से पदोन्नतियां लंबित हैं। अधिकारियों ने कहा कि 27 साल सेवा के बाद भी प्रमोशन नहीं मिल रहा। वेतन विसंगति दूर करने और कैडर मजबूत करने की मांग उठाई गई। मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने और जयपुर में महापड़ाव की चेतावनी दी गई।
सलूंबर: 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जताया रोष


सलूंबर। ग्राम विकास अधिकारी संघ की जिला शाखा ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शंकर लाल कुम्हार ने बताया कि 6 साल से पदोन्नति लंबित है, जिससे कर्मचारियों में रोष है। संघ ने वेतनमान लागू करने, पदोन्नति अनुपात बढ़ाने और नए पद सृजित करने की मांग की। 8 अप्रैल को जयपुर कूच कर मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *