वेंटिलेटर का ऑक्सीजन पाइप नहीं जोड़ा, मरीज की मौत
Share
अस्पताल ने मानी लापरवाही, सिर के ऑपरेशन के बाद आईसीयू में भर्ती था मरीज, परिजनों ने किया हंगामा; जांच शुरू
उदयपुर, 15 जुलाई: राजस्थान में भीलवाड़ा शहर के रामस्नेही हॉस्पिटल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही से एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि आईसीयू में भर्ती मरीज को वेंटिलेटर पर शिफ्ट करते समय स्टाफ ऑक्सीजन पाइप जोड़ना भूल गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। अस्पताल प्रबंधन ने प्रारंभिक स्तर पर अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद परिजनों ने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
मृतक घीसूलाल मेघवंशी (52) रायला निवासी थे और निजी कंपनी में गार्ड सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। 8 जुलाई को मांडल-रायला नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में घायल होने के बाद उन्हें रामस्नेही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सिर का ऑपरेशन होने के बाद उनका आईसीयू में उपचार चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद मरीज को वापस आईसीयू लाया गया, लेकिन स्टाफ वेंटिलेटर का ऑक्सीजन पाइप लगाना भूल गया। कुछ देर तक आईसीयू में कोई स्टाफ भी मौजूद नहीं था। जब तक चिकित्साकर्मी पहुंचे, तब तक मरीज की मौत हो चुकी थी।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
