अरनोद में रातभर बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
Share
उदयपुर, 4 सितंबर : अरनोद में रात के समय अनियमित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आपूर्ति नियमित करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में लंबे समय तक बिजली बंद रहने से अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं का डर बना रहता है। पूरी रात बिजली नहीं आने से मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे बीमारियों की आशंका है। निकाय चुनाव के दौरान रात में प्रचार के लिए आने-जाने वाले प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम से बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर कटौती पर रोक लगाने और आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की।
नाकाबंदी तोड़कर भागा तस्कर, पीछा कर दबोचा
बांसवाड़ा, 4 सितंबर: खमेरा थाना पुलिस ने ब्रेजा कार से 15 किलो 26 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के अनुसार माही पुल पर नाकाबंदी के दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर हिलेज घाटी एनएच-56 पर कार को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश लाल आंजना निवासी गंधेर, प्रतापगढ़ के रूप में हुई। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

