इनामी ड्रग तस्कर भवानी सिंह भाटी गिरफ्तार
Share
फर्जी पहचान से बच रहा था, कार-नकदी और 6 मोबाइल जब्त
डूंगरपुर, 8 अप्रैल : डूंगरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर भवानी सिंह भाटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब और राजस्थान के कई जिलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।
एसपी मनीष कुमार के अनुसार, डीएसटी टीम ने बिना नंबर की संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। चालक ने खुद को महिपाल सिंह बताया, लेकिन पूछताछ में दूसरा आधार कार्ड मिलने पर उसकी असली पहचान भवानी सिंह भाटी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कार, 1.10 लाख रुपए नकद, 6 मोबाइल और डोंगल बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ बालोतरा, हनुमानगढ़, फलौदी और पंजाब के श्रीमुक्तसर साहिब में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह 9 हजार नशीली गोलियों के केस में फरार था और उस पर कुल 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पूछताछ में सामने आया कि वह फर्जी बिलिंग से दवाइयां मंगवाकर अंतरराज्यीय तस्करी करता था। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए फलौदी पुलिस को सौंपा गया है।
