उदयपुर में 72 घंटे के अंतराल पर होगी जलापूर्ति
Share
कम बारिश से जल स्रोतों में आवक घटी, हालात नहीं सुधरे तो 96 घंटे का अंतराल भी करना पड़ सकता है
उदयपुर, 19 सितम्बर: कम बारिश के कारण सतही जल स्रोतों में पानी की आवक कम होने से उदयपुर शहर में जलापूर्ति का अंतराल बढ़ाया जा रहा है। अभी दो दिन के अंतराल पर हो रही जलापूर्ति अब तीन दिन यानी 72 घंटे के अंतराल पर करने की तैयारी है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी जल योजना उदयपुर में 72 घंटे के अंतराल पर जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के नगर खंड प्रथम एवं द्वितीय के अधिशासी अभियंताओं की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि वर्षा ऋतु 2026 में कम बारिश होने के कारण सतही जल स्रोतों में पानी की आवक नगण्य रही। उपलब्ध पानी से अगस्त 2026 तक जलापूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए की गई गणना के आधार पर अब जलापूर्ति का अंतराल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
विभाग अब 72 घंटे के अंतराल के अनुसार जल वितरण की समय-सारणी तैयार करेगा। मानसी वाकल, फतहसागर और पिछोला सहित प्रमुख जल स्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं आने से यह स्थिति बनी है। विभाग के अधीक्षण अभियंता रवींद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार कम बारिश के कारण जलापूर्ति व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की गई है। यदि जल स्रोतों में आवक नहीं बढ़ी तो आगे जलापूर्ति का अंतराल 96 घंटे तक भी किया जा सकता है।

