LOADING

Type to search

पैकेजिंग के आकर्षण से ऊपर उठकर स्वदेशी जड़ों में लौटना होगा : खराड़ी

Business

पैकेजिंग के आकर्षण से ऊपर उठकर स्वदेशी जड़ों में लौटना होगा : खराड़ी

Share

वंदेमातरम के उद्घोष के साथ सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रियल एक्सपो का आगाज, ‘मेवाड़ मंडपम’ के निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ा
उदयपुर, 2 अक्टूबर:
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि हमारी पारंपरिक वस्तुएं गुणवत्ता और स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहतर हैं। हमें पैकेजिंग के आकर्षण से ऊपर उठकर स्वदेशी जड़ों और समाज हित की सोच की ओर लौटना होगा। वे शुक्रवार को आरसीए मैदान में चार दिवसीय सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रियल एक्सपो के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
खराड़ी ने कहा कि भारत सदियों से ज्ञान और संस्कृति का केंद्र रहा है। पहले व्यक्ति समाज के लिए जीता था, लेकिन आज सोच ‘मैं और मेरा परिवार’ तक सीमित होती जा रही है। इसमें बदलाव लाकर प्रत्येक व्यक्ति में समाज और देश के लिए जीने की भावना विकसित करनी होगी।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि एक्सपो मेवाड़ की व्यावसायिक क्षमता, स्थानीय हुनर और स्वरोजगार को वैश्विक पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर उदयपुर में ‘मेवाड़ मंडपम’ के निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा चुका है। उन्होंने युवाओं से उद्यमशीलता से जुड़ने का आह्वान किया।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम अपने उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का प्रयास करेगा। शहर विधायक ताराचंद जैन ने स्वदेशी को आत्मनिर्भरता का मूल मंत्र बताया। एमपीयूएटी कुलपति डॉ. प्रताप सिंह ने स्थानीय हुनर और जैविक अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उद्घाटन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और वंदेमातरम के उद्घोष के साथ हुई। एमडीएस स्कूल के 150 विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद अतिथियों ने एक्सपो की विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया।
पहले दिन उमड़ा जनसैलाब
आरसीए मैदान में सजे कुंभा, भामाशाह और अहिल्याबाई डोम में पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प, औद्योगिक उत्पाद, कृषि तकनीक और श्रीअन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। फतह स्कूल से संचालित निःशुल्क ‘पिंक परी क्लब’ की महिला ई-रिक्शा सेवा ने भी आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। एक्सपो 5 अक्टूबर तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *