हेरिटेज महल फायरिंग में हथियार सप्लायर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
Share
वारदात में इस्तेमाल पिस्टल समेत दो पिस्टल, दो राउंड और अतिरिक्त मैगजीन खरीदने का खुलासा
उदयपुर, 16 अक्टूबर: यूआईटी हेरिटेज महल के बाहर इरफान उर्फ बन्ना पर फायरिंग के मामले में हाथीपोल थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के बड़वानी से कथित हथियार सप्लायर राजवीर सिंह पटवा (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल सहित दो पिस्टल, दो राउंड और एक अतिरिक्त मैगजीन बड़वानी से खरीदी गई थी।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को सायरा बानो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आपसी रंजिश में आसिफ उर्फ अली गाइड और अरशद उर्फ बाटी ने उनके बेटे इरफान पर देशी पिस्टल से दो राउंड फायर किए, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। मामले में प्रकरण संख्या 143/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में मिला सुराग
मुख्य आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश के बेडिपुरा, ओझर में दबिश देकर राजवीर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी और लूट के मामले भी दर्ज हैं। पुलिस हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

