‘राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी हुई तो जवाब कौन देगा?’
Share
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अमी याग्निक ने उठाए सवाल, बोलीं- ट्रस्ट प्रधानमंत्री की देखरेख में बना, निष्पक्ष जांच कराई जाए
उदयपुर, 11 जुलाई: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा को सीधे कटघरे में खड़ा किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अमी याग्निक ने उदयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट में कोई गड़बड़ी हुई है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए, क्योंकि ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ था।
डॉ. याग्निक ने कहा कि यदि सब कुछ सही था तो ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों स्वीकार किए गए। इस्तीफे स्वीकार होना ही इस बात का संकेत है कि मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और इस मामले ने देशवासियों की भावनाओं को आहत किया है। कांग्रेस की मांग है कि पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को नीट परीक्षा जैसे मुद्दों और अपने कथित घोटालों पर जवाब देना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सांसद एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा तथा कांग्रेस नेता पंकज कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
