LOADING

Type to search

तलाक का नोटिस भेजने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, हाथ-पैर तोड़े

crime

तलाक का नोटिस भेजने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, हाथ-पैर तोड़े

Share

पति पर घर में घुसकर डंडे से पीटने का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर एम्बुलेंस से एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता
उदयपुर, 31 जुलाई:
राजस्थान में भीलवाड़ा शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में तलाक का कानूनी नोटिस भेजने से नाराज पति द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने घर में घुसकर डंडे से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट महिला शुक्रवार को प्लास्टर बंधे हाथ-पैर के साथ एम्बुलेंस से एसपी कार्यालय पहुंची और स्ट्रेचर पर लेटकर न्याय की गुहार लगाई।
बाबा धाम क्षेत्र निवासी सुमित्रा उर्फ सुमन तिवारी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में प्रकाश तिवारी से हुई थी। शादी के बाद पति की नौकरी छूट गई और वह नशे की हालत में आए दिन मारपीट कर उससे कमाकर घर चलाने का दबाव बनाने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर वह पिछले पांच वर्षों से अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ अलग रह रही है तथा ब्यूटी पार्लर चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रही है। लगातार उत्पीड़न के चलते उसने पति को तलाक का लीगल नोटिस भेजा था।
पीड़िता के अनुसार 22 जुलाई की सुबह आरोपी उसके घर पहुंचा, कमरे में बंद कर डंडे से हमला किया और हाथ-पैर तोड़ दिए। किसी तरह परिचित की मदद से वह अस्पताल पहुंची। 23 जुलाई को गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कराने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है और बेटे के अपहरण की धमकी दे रहा है। एसपी सागर राणा ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *