LOADING

Type to search

इंस्टाग्राम पर नकली तमंचा लहराकर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार

crime

इंस्टाग्राम पर नकली तमंचा लहराकर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार

Share

सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश, पुलिस पूछताछ में खिलौना निकला तमंचा
उदयपुर, 8 अगस्त
: झाड़ोल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर बीच सड़क हाथ में पिस्टलनुमा वस्तु लेकर वीडियो बनाकर रील वायरल की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली हथियार नहीं, बल्कि खिलौना थी।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सोशल मीडिया टीम को एक वीडियो मिला, जिसमें एक युवक सड़क पर हाथ में पिस्टल/तमंचानुमा वस्तु लेकर रील बनाता दिखाई दिया।
सूचना मिलने के बाद झाड़ोल पुलिस को तत्काल अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी करनाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर आरोपी कालू, उम्र 21 वर्ष, निवासी बरबली, थाना झाड़ोल को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड करना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा तमंचा असली नहीं, बल्कि खिलौना है, जिसे वह करीब एक वर्ष पहले गुजरात के अंबाजी से खरीदकर लाया था। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *