यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता को अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं से खतरा
Share
टीम मेंबर को फोन कर कथित धमकी-‘डॉ. दिव्यानी के उल्टे दिन शुरू हैं, कहीं भी रोककर मार सकते हैं’; गोवर्धन विलास थाने में FIR
उदयपुर, 7 सितम्बर : कांग्रेस की अंदरूनी सियासत के बीच उदयपुर में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा ने अपनी ही पार्टी से जुड़े लोगों से जान को खतरा बताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। डॉ. कटारा का आरोप है कि पूर्व मंत्री स्व. खेमराज कटारा के बेटे एवं उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विवेक कटारा के समर्थकों ने उन्हें धमकी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मामले में गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. दिव्यानी कटारा की ओर से दर्ज रिपोर्ट में किशन डांगी, भरत रामानुज और अवित खराड़ी के नाम बताए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 4 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे किशन डांगी ने उनके टीम मेंबर को फोन किया। उस समय डॉ. दिव्यानी भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जुड़ी हुई थीं। आरोप है कि फोन पर धमकी देते हुए कहा गया कि ‘आपकी लीडर डॉ. दिव्यानी के आज से उल्टे दिन शुरू हैं। उन्हें तो हम कहीं पर भी रोककर मार सकते हैं।’
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया तथा कपड़े फाड़ने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। डॉ. दिव्यानी ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी जान-माल को गंभीर खतरा बताया है। साथ ही उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जातिगत गालियां और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया है।
फोन पर बहस का ऑडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया है कि डॉ. दिव्यानी कटारा और विवेक कटारा के बीच फोन पर हुई बहस का एक ऑडियो भी सामने आया था। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए। डॉ. दिव्यानी की शिकायत के बाद अब मामला पुलिस जांच के दायरे में है।
विवेक कटारा ने दी थी सफाई
विवेक कटारा ने पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि उनका मकसद पार्टी हित में था। उनका कहना था कि चुनाव के दौरान डॉ. दिव्यानी जहां भी जाएं, पार्टी के लोगों के साथ जाएं। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और ब्लॉक अध्यक्ष ने उनसे इस संबंध में सवाल किए थे, जिसके बाद उन्होंने फोन किया। विवेक कटारा के अनुसार उन्होंने पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए ही बातचीत की थी। मामले की जांच गिर्वा डिप्टी एसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस के स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तर तक इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस अब फोन कॉल, ऑडियो और सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
मेयर की जंग में कांटे वाले वार्ड बने रणभूमि
भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत, घर-घर दस्तक दे रहे प्रत्याशी; विधायक-सांसद से लेकर संगठन और कांग्रेस के दिग्गज भी मैदान में
उदयपुर, 7 सितंबर : उदयपुर नगर निगम चुनाव अब उस मोड़ पर पहुंच गया है, जहां एक-एक वार्ड का मुकाबला मेयर की कुर्सी का समीकरण बदल सकता है। मतदान में महज दो दिन शेष हैं और भाजपा-कांग्रेस ने उन वार्डों को अपनी सियासी रणभूमि बना लिया है, जहां मुकाबला कांटे का है या त्रिकोणीय संघर्ष में परिणाम किसी भी तरफ जा सकता है। प्रत्याशी घर-घर दस्तक दे रहे हैं तो पार्टी के बड़े नेता भी वार्डों में उतरकर अंतिम दौर में मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं।
मेयर पद की प्रतिष्ठा से जुड़े इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही किसी भी संभावित कमजोर कड़ी को छोड़ना नहीं चाहतीं। भाजपा की ओर से दोनों विधायक, सांसद और संगठन के पदाधिकारी वार्डवार सक्रिय होकर प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से शहर और देहात कांग्रेस के अध्यक्ष सहित प्रमुख नेता अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में लगातार जनसम्पर्क कर रहे हैं। ऐसे वार्ड, जहां जीत-हार का अंतर बेहद कम रहने की संभावना है, वहां पार्टी नेतृत्व की विशेष नजर है।
घर-घर पहुंचकर आखिरी वोट तक साधने की कोशिश
चुनावी प्रचार के अंतिम दौर में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। सुबह से देर रात तक गलियों में जनसम्पर्क, छोटी बैठकें और मतदाताओं से व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर चल रहा है। प्रत्याशी स्थानीय समस्याओं और विकास के वादों के साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। त्रिकोणीय मुकाबले वाले वार्डों में निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों की मौजूदगी ने भाजपा-कांग्रेस की चुनौती और बढ़ा दी है।
वार्ड 45 में भी आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस
वार्ड 45 में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सोमवार को घर-घर पहुंचकर जनसम्पर्क किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पंकज सुखवाल ने भी डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। दोनों प्रत्याशियों की सक्रियता से इस वार्ड में मुकाबला रोचक बना हुआ है।
प्रशासन की भी अंतिम दौर में पूरी तैयारी
नगर निगम चुनाव के साथ जिले की मावली, फतहनगर, भींडर, कानोड़ और वल्लभनगर नगर पालिकाओं में भी चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 9 सितंबर को भींडर, वल्लभनगर और फतहनगर में मतदान होगा। चुनाव व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका उदयपुर पहुंच चुके हैं।
दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मतदान दलों के लिए जिला प्रशासन ने उदयपुर शहर में छह रात्रि विश्राम स्थल भी चिन्हित किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के अनुसार 7, 9 और 11 सितंबर को मतदान दलों के लिए जिला मुख्यालय पर रात्रि विश्राम और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी।
अब अंतिम 48 घंटे में प्रत्याशियों का जोर एक ही लक्ष्य पर है—हर मतदाता तक पहुंचना और अपने पक्ष में आखिरी वोट को पक्का करना।
कोर्ट मैरिज से 2 किमी पहले दूल्हे को लट्ठ दिखाकर भगाई दुल्हन
शादी के नाम पर 1.91 लाख की ठगी का फॉलोअप: लूटेरी दुल्हन और दलाल समेत 3 गिरफ्तार, बोलेरो में बैठकर फरार हुई थी युवती
डूंगरपुर, 7 सितंबर: शादी के सपने के साथ गुजरात से डूंगरपुर आए युवक को क्या पता था कि जिस युवती से उसका रिश्ता तय कराया गया है, वही कथित तौर पर उसके साथ ठगी की साजिश का हिस्सा है। शादी के लिए 1.71 लाख रुपए लेने के बाद दुल्हन को कोर्ट ले जाते समय रास्ते में ही दूल्हे को लट्ठ दिखाकर धमकाया गया और दुल्हन व उसकी बहन को बोलेरो में बैठाकर भगा दिया गया। मामले में सदर थाना पुलिस ने लूटेरी दुल्हन और दलाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गुजरात के गांधीनगर जिले के डभोडा थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय पिजेश पटेल को शादी के लिए एक दलाल के माध्यम से युवती पीनल का फोटो दिखाया गया था। रिश्ता पसंद आने के बाद वह 26 अगस्त को परिवार के साथ डूंगरपुर पहुंचा। यहां उसे युवती और उसके परिवार से मिलवाया गया तथा शादी की तारीख 31 अगस्त तय हुई।
2 लाख मांगे, 1.71 लाख में सौदा
आरोपियों ने शादी के लिए युवक से दो लाख रुपए मांगे थे। बातचीत के बाद 1.71 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। 31 अगस्त को पिजेश परिवार के साथ टाड़ी ओबरी पहुंचा और पीनल, उसके भाई अमित तथा दलाल कमलेश को 1.71 लाख रुपए नकद दिए। दलाल ने पांच हजार रुपए अलग से लिए।
रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीनल और उसकी बहन यमुना को पिजेश की गाड़ी में बैठाकर डूंगरपुर कोर्ट ले जाने को कहा। दावा किया गया कि वे बाइक से पीछे आएंगे और कोर्ट में दोनों की शादी करवा देंगे।
कोर्ट पहुंचने से पहले ही बदल गया पूरा खेल
पिजेश दोनों युवतियों को लेकर कोर्ट के लिए रवाना हुआ। कोर्ट से करीब दो किलोमीटर पहले सदर थाना क्षेत्र में एक बिना नंबर की बोलेरो ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। बोलेरो से एक युवक लट्ठ लेकर उतरा और पिजेश को धमकाने लगा। इसी दौरान दोनों युवतियां गाड़ी से उतरकर बोलेरो में बैठ गईं और वहां से फरार हो गईं।
पिजेश ने दलाल कमलेश से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कुल करीब 1.91 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया।
तकनीकी सहायता से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
मामला दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। टाड़ी ओबरी, बोलादरा, पालदेवल, बारों का शेर, पालवड़ा, टेंकरवाड़ा तलैया और बिछीवाड़ा सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई।
पुलिस ने बारों का शेर निवासी अमित बामणा (25), पालवड़ा निवासी लालशंकर डामोर (52) और टेंगरवाड़ा निवासी पीनल घाटिया (23) को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरोह में और लोग शामिल होने की आशंका
पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इसी तरह शादी के नाम पर किसी अन्य युवक को निशाना बनाया था या नहीं। दलाल कमलेश सहित अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है कि शादी का रिश्ता दिखाने से लेकर रकम लेने और कोर्ट से पहले दुल्हन को भगाने तक की साजिश में कौन-कौन शामिल था।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा
प्रदेशभर में हजारों लीटर वॉश और कच्ची भट्टियां नष्ट, अलवर में 1.08 लाख रुपए की शराब जब्त
udr aabkari
उदयपुर, 7 सितंबर : निकाय चुनाव की आदर्श आचार संहिता के बीच प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई की जा रही है। जयपुर में जीप कम्पास से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित ब्लैक लेबल की 12 बोतल और एब्सोल्यूट वोदका की 3 बोतल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चित्तौड़गढ़ में एक हजार लीटर वॉश और दो कच्ची भट्टियां नष्ट कर 30 बोतल हथकड़ शराब जब्त की गई। हनुमानगढ़ में 5 हजार लीटर वॉश व 8 भट्टियां नष्ट कर 65 लीटर हथकड़ शराब और 39 पव्वे जब्त किए गए। कोटा में 1300 लीटर वॉश व दो भट्टियां नष्ट कर 59 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। अलवर में आरपीएफ के साथ कार्रवाई में चंडीगढ़ बिक्री की 662 पव्वे आईएमएफएल बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार 550 रुपए बताई गई।
नेत्रदान की कमी से 11 लाख लोग रोशनी के इंतजार में
एक नेत्रदान से दो जरूरतमंदों को मिल सकती है दृष्टि, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी बड़ी चुनौती
उदयपुर, 7 सितंबर: देश में नेत्रदान को लेकर जागरूकता की कमी के कारण करीब 11 लाख लोग कॉर्निया संबंधी समस्या से दृष्टिहीनता का सामना कर रहे हैं और रोशनी की प्रतीक्षा में हैं। विशेषज्ञों के अनुसार एक व्यक्ति के कॉर्निया दान से दो जरूरतमंदों को दृष्टि मिल सकती है, लेकिन इसके बावजूद देश में नेत्रदान की संख्या बेहद कम है। भारत में हर साल करीब एक करोड़ लोगों की मृत्यु होती है, लेकिन उनमें से अपेक्षाकृत बहुत कम लोग नेत्रदान करते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की स्थिति और कमजोर है। धार्मिक मान्यताओं, भ्रांतियों और नेत्रदान से जुड़े डर के कारण लोग मृत्यु के बाद आंखें दान करने का निर्णय नहीं ले पाते। इससे जरूरतमंद मरीजों को लंबे समय तक कॉर्निया का इंतजार करना पड़ता है।
नेत्रदान पखवाड़े के तहत 25 अगस्त से 8 सितंबर तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अस्पताल, मॉल, वृद्धाश्रम और सामाजिक संगठनों के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान करीब 30 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया है। 8 सितंबर को मेडिकल विद्यार्थियों और नेत्र प्रशिक्षणार्थियों के लिए कॉर्निया प्रत्यारोपण एवं नेत्रदान पर सीएमई आयोजित होगी। अलख नयन मंदिर नेत्र संस्थान में अब तक 748 कॉर्निया प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं।
डॉ. मंजिंदर कौर को मिला ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’
चिकित्सा शिक्षा और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट योगदान के लिए एमईयू इंडिया ने किया सम्मानित
udr majindar
उदयपुर, 7 सितंबर : गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गीतांजली यूनिवर्सिटी की एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. मंजिंदर कौर को शिक्षक दिवस के अवसर पर एमईयू इंडिया (नेशनल बॉडी ऑफ मेडिकल एजुकेशनिस्ट्स) की ओर से ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिकित्सा शिक्षा, प्रभावी शिक्षण और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. कौर ने ‘कल के चिकित्सकों को सशक्त बनाना: चिकित्सा शिक्षा में मार्गदर्शन की परिवर्तनकारी शक्ति’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी मेंटरशिप विद्यार्थियों को बेहतर एवं आत्मविश्वासी चिकित्सक बनाने के साथ उनमें संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में शिक्षक और विद्यार्थी के बीच मजबूत मार्गदर्शन संबंध की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. कौर को मिला यह सम्मान शिक्षण, मेंटरशिप और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान की पहचान है।
मामूली बारिश के बाद उदयपुर में फिर बढ़ने लगा तापमान
6 सितंबर को 32.7 डिग्री रहा अधिकतम तापमान, अगले दिनों में 33 डिग्री तक पहुंचने के आसा
उदयपुर, 7 सितंबर : उदयपुर में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को शहर का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान 24 घंटे में बारिश दर्ज नहीं हुई।
7 सितंबर को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 8 सितंबर को भी तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 9 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा 10 और 11 सितंबर को 33 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में आसमान आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा। बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बीच तापमान बढ़ने से उमस का असर भी महसूस हो सकता है। ऐसे में शहरवासियों को दिन में गर्मी और सुबह-शाम अपेक्षाकृत राहत का सामना करना पड़ेगा।
रामदेवरा की राह पर आस्था का विशाल ध्वज
उदयपुर: रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं की आस्था इन दिनों उदयपुर की सड़कों पर भी नजर आ रही है। संभाग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकल रहे हैं। इसी दौरान उदयपुर से गुजरते श्रद्धालुओं का एक जत्था विशाल ध्वजा लेकर आगे बढ़ा। ध्वजा इतना बड़ा है कि उसे तीन श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर यात्रा कर रहे हैं। आस्था और भक्ति से भरे इस दृश्य ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया। पैदल यात्रियों के चेहरे पर थकान के बावजूद उत्साह और बाबा रामदेव के प्रति गहरी श्रद्धा साफ नजर आई।
कलेक्टर के नाम से फेसबुक पर फेक अकाउंट, प्रशासन ने किया अलर्ट
udr insta
उदयपुर: साइबर ठगों ने उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के जरिए लोगों से संपर्क बढ़ाने और विश्वास कायम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद मोबाइल नंबर सहित निजी जानकारी मांगी जा रही है। जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों को सतर्क किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फेसबुक पर संचालित यह अकाउंट फर्जी है और इसका जिला कलेक्टर से कोई संबंध नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे अकाउंट से किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करें और न ही अपना मोबाइल नंबर, व्यक्तिगत जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा करें। प्रशासन ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि किसी अधिकारी के नाम से आने वाले संदिग्ध संदेश या फ्रेंड रिक्वेस्ट को पहले सत्यापित करें। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और सावधानी को सबसे जरूरी बताया गया है।
यूडीसी से पहले महिला का मोबाइल छीनने वाले दो गिरफ्तार
उदयपुर: शहर में चलती बाइक से महिला का मोबाइल छीनने के मामले में सूरजपोल थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोवर्धन विलास निवासी मनाराम और कृष्णापुरी, झाड़माइंस निवासी लिम्बाराम को पकड़ा। परिवादी परेश कुमार राव निवासी भुवाणा ने 5 अगस्त को रिपोर्ट दी थी कि वह पत्नी दुर्गा राव के साथ सेक्टर-14 से लौट रहे थे। रात करीब 8:15 बजे पारस चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पत्नी के हाथ से मोबाइल छीन लिया। अचानक हुई वारदात से दोनों बाइक से गिरते-गिरते बचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बाइक की लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जगदीश चौक के पास से उन्हें पकड़ा। उनके कब्जे से करीब 24 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और बाइक बरामद की गई। पुलिस आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।
खेत से घर लौट रहे किसान को घेरा, लाठियों से पीटा
बांसवाड़ा: लोहारिया थाना क्षेत्र के आसन गांव में रविवार रात खेत से घर लौट रहे एक किसान के साथ मारपीट कर बाइक और नकदी ले जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी धूलजी (50) पुत्र भांजी रात में मक्का की फसल की रखवाली कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठियों से मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावर किसान की बाइक और जेब में रखे करीब 2 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। मारपीट में किसान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़ा रहा। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे व्यक्ति ने परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उन्हें गणोड़ा के अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर रात करीब 12 बजे एमजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। लोहारिया थाना प्रभारी जयपाल सिंह के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना नहीं मिली थी।
भाजपा-कांग्रेस के घोषणा पत्र पर माकपा ने उठाए सवाल
उदयपुर: निकाय चुनाव के बीच माकपा ने भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्रों पर सवाल उठाते हुए दोनों दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि भाजपा ने पांच साल में एक लाख आवासीय भूखंड, महिलाओं के लिए 2 हजार पिंक टॉयलेट, स्ट्रीट वेंडर्स और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए सुरक्षा बीमा सहित कई वादे किए थे, लेकिन इनका धरातल पर कितना क्रियान्वयन हुआ, इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हजारों कच्ची बस्तियों के लोगों को पट्टे नहीं मिले और वेंडर्स पर कार्रवाई की चिंता बनी हुई है। सिंघवी ने स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों खर्च के बावजूद शहर में सड़क, सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं कायम हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी प्रभावी विपक्ष की भूमिका नहीं निभाने का आरोप लगाया। सिंघवी ने कहा कि माकपा गरीबों और श्रमिकों की आवाज उठाती रहेगी।
महाकाल मंदिर में महाआरती, गौसेवा के साथ मतदान की शपथ
udr 01
उदयपुर: अजा एकादशी के अवसर पर वात्सल्य सेवा समिति मेवाड़ की ओर से रानी रोड स्थित महाकाल मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद समिति सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लिया। समिति प्रवक्ता राजेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। इस दौरान आगामी निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने और समाज के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई। अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। सह महामंत्री गोपाल कनेरिया ने अजा एकादशी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संयमित और सात्विक जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में दिनेश भट्ट, राकेश मुंदड़ा, सीपी बंसल, मुकेश पंवार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
नीट अभ्यर्थियों को विशेषज्ञों ने समझाई काउंसलिंग की बारीकियां
udr vipr
उदयपुर : विप्र फाउंडेशन जोन 1-ए के शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से निंबार्क बीएड कॉलेज में नीट-यूजी 2026 मेडिकल प्रवेश को लेकर निःशुल्क मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए। डॉ. विशाल शर्मा ने सेकंड और थर्ड काउंसलिंग, एमबीबीएस, बीडीएस और बीओटी जैसे विकल्पों, कॉलेज चयन, फीस, सीट अपग्रेडेशन तथा प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। डॉ. विश्वप्रिया शर्मा ने जल्दबाजी में चॉइस फिलिंग से बचने की सलाह देते हुए कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्टल, शिक्षण व्यवस्था, फीस और दस्तावेजों की जांच पर जोर दिया। डॉ. तनु शर्मा ने भाषा, संस्कृति, घर से दूरी और बॉन्ड नीति जैसे पहलुओं पर जानकारी दी। आयुर्वेदाचार्य प्रो. श्रीराम शर्मा ने बीएएमएस और बीएचएमएस के करियर विकल्प बताए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एचआर दवे ने की। संचालन गणेश नागदा ने किया।

