LOADING

Type to search

कार और बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौत

crime

कार और बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौत

Share

हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, एक गंभीर घायल; कार का बोनट पिचका और कांच टूटा
उदयपुर, 11 जून:
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा परसाद थाना क्षेत्र के पारेई बस स्टैंड के निकट हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर कार के बोनट पर जा अटकी। हादसे में कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसका आगे का कांच भी टूट गया। वहीं बाइक भी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान दिनेश (40) पुत्र चौखा निवासी गोड फलां, चणावदा के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल अमरा (35) पुत्र कालू निवासी गोड फलां, चणावदा को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल) रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा वाहन चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *