LOADING

Type to search

दूध लेने निकला युवक बिजली का तार गिरते ही जिंदा जला

Local

दूध लेने निकला युवक बिजली का तार गिरते ही जिंदा जला

Share

चार महीने बाद दो बेटियों की होनी है शादी, पत्नी-बेटियां बेसुध; मुआवजे की मांग पर तीन घंटे जाम
उदयपुर, 24 जुलाई:
शहर से सटे लकड़वास गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। दुकान से दूध लेने निकले 38 वर्षीय लहरीलाल वागरिया पर घर के सामने से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर गिर गया। करंट लगते ही उनके शरीर में आग भड़क उठी और वह लोगों की आंखों के सामने जिंदा जल गए। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन करंट के भय से कोई भी उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं कर सका। चार महीने बाद उनकी दो बेटियों की शादी होनी थी, ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो पत्नी और बेटियां शव देखकर बेसुध हो गईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने झामरकोटड़ा-उदयपुर मार्ग पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे बाद प्रशासन ने आर्थिक सहायता, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
सात बच्चों का सहारा छिना, नवंबर में बजनी थी शहनाई
लहरीलाल अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और छह बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। नवंबर में उनकी दो बड़ी बेटियों की शादी तय है और परिवार तैयारियों में जुटा था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और ढीले बिजली तारों की शिकायत की जा रही थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और पूरे क्षेत्र की बिजली लाइनों की तत्काल जांच की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *