LOADING

Type to search

बीएपी प्रदेशाध्यक्ष के घर हमला: गेट तोड़ा

Local

बीएपी प्रदेशाध्यक्ष के घर हमला: गेट तोड़ा

Share

दोवड़ा थाने में मामला दर्ज, लगाया फायरिंग आरोप भी, पुलिस ने किया इंकार
डूंगरपुर, 5 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
बीएपी के सामान्य वर्ग प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चुंडावत के डूंगरपुर जिले के करेलिया गांव स्थित आवास पर मंगलवार देर रात हमला हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके घर का गेट तोड़ दिया और फायरिंग की। इससे पहले दिग्विजय सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मामले में उन्होंने दोवड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिग्विजय सिंह ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9 बजकर 1 मिनट पर उनके मोबाइल पर वीरेन्द्र सिंह चौहान पुत्र भवान सिंह चौहान का फोन आया, जिसने धमकी दी—“आज तेरी मौत है।” कुछ देर बाद रात 11 बजे एक कैम्पर गाड़ी उनके घर के बाहर आई और गेट तोड़ दिया। गाड़ी से वीरेन्द्र सिंह हथियार लेकर उतरा और फायर किया। उसके साथ चार अन्य लोग भी मौजूद थे। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चुंडावत ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें धमकी मिली हो। आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर और 11 अक्टूबर को फोन पर जान से मारने की धमकी दे चुका है।
दोवड़ा थानाधिकारी भंवरसिंह ने बताया कि घटना राजनीतिक रंजिश से जुड़ी लगती है। दिग्विजय सिंह की रिपोर्ट पर गेट तोड़ने और धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस टीम को मौके से फायरिंग के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। घटना की पूरी जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *