LOADING

Type to search

मॉर्गेज रजिस्ट्री के बदले 4 हजार की रिश्वत, यूडीसी सहित 3 गिरफ्तार

crime

मॉर्गेज रजिस्ट्री के बदले 4 हजार की रिश्वत, यूडीसी सहित 3 गिरफ्तार

Share

बागीदौरा तहसील कार्यालय में एसीबी की ट्रैप कार्रवाई; वरिष्ठ सहायक ने दलालों के जरिए मंगवाई रिश्वत
बांसवाड़ा, 24 अगस्त:
बागीदौरा तहसील कार्यालय में मॉर्गेज रजिस्ट्री की पत्रावलियां उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी ने सोमवार को वरिष्ठ सहायक सहित दो निजी दलालों को 4 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई में वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी तथा उसके लिए रिश्वत राशि लेने वाले निजी व्यक्ति रतनसिंह और विठ्ठल को पकड़ा गया। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रति पत्रावली 2500 रुपए मांगे, 4 हजार में सौदा
एसीबी के अनुसार परिवादी एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। गृह ऋण से पहले आवेदकों की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्गेज करवाना जरूरी होता है। दो पत्रावलियों के मॉर्गेज के बाद उन्हें उपलब्ध कराने की एवज में वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी ने प्रति पत्रावली 2500 रुपए के हिसाब से 5 हजार रुपए मांगे थे। बातचीत के बाद दोनों पत्रावलियों पर 500-500 रुपए कम कर 4 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
दलालों के जरिए ली रिश्वत
मांग का सत्यापन होने के बाद डीआईजी पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप किया गया। भाटी ने परिवादी से 4 हजार रुपए अपने परिचित रतनसिंह को दिलवाए और उसे विठ्ठल को देने को कहा। राशि विठ्ठल तक पहुंचते ही एसीबी ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। भाटी के निवास की तलाशी भी जारी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *