हजारों लोगों ने बिशप गणावा को नम आँखो से दी अंतिम विदाई
Share
उदयपुर, 7 अक्टूबर (ऋचा पानेरी): उदयपुर के आवर लेडी ऑफ फातिमा कैथेड्रल में बुधवार को उदयपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष डॉ. देवप्रसाद गणावा को श्रद्धा और प्रार्थनामय वातावरण में अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार में उदयपुर सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मगुरु, धर्मबहनें और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अंतिम यात्रा सेंट पॉल्स स्कूल परिसर स्थित गुरु निवास से शुरू होकर कैथेड्रल पहुंची। धार्मिक विधियों का नेतृत्व आगरा के आर्चबिशप रैफी मंजली ने किया। इस अवसर पर अन्य आर्चबिशप, विभिन्न धर्मप्रांतों के बिशप, पादरी, नन तथा सर्वधर्म मैत्री संघ और उदयपुर क्रिश्चियन फेलोशिप के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने उनके सरल व्यक्तित्व, आध्यात्मिक नेतृत्व और समाजसेवा को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बिशप गणावा का 4 अक्टूबर को हृदयाघात के बाद 74 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। वे 2012 से उदयपुर धर्मप्रांत का नेतृत्व कर रहे थे।

