बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटे 48 श्रद्धालुओं का स्वागत
Share
उदयपुर, 15 जुलाई: दिवड़ा बड़ा, आरा, गड़ाजसराजपुर और जयसमंद क्षेत्र के 48 श्रद्धालु पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा पूरी कर सकुशल लौटे। श्रद्धालुओं का गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने स्वागत किया। संतोष पाटीदार ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित रही। मार्ग में सुरक्षा बलों, प्रशासन और सेवा संगठनों की ओर से चिकित्सा, भोजन, आवास तथा यातायात की बेहतर व्यवस्था रही। कठिन पर्वतीय मार्ग और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बाबा बर्फानी के दर्शन कर सभी श्रद्धालुओं ने स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। हेमंत भाटिया, प्रेमजी पाटीदार सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से विश्व शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
