56 हजार वरिष्ठजन करेंगे निशुल्क तीर्थ दर्शन
Share
रेल और हवाई मार्ग से कराई जाएगी यात्रा, देवस्थान विभाग जल्द मांगेगा आवेदन
उदयपुर, 18 मई: राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत इस बार प्रदेश के 56 हजार वरिष्ठजनों को निशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। देवस्थान विभाग ने योजना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग और 6 हजार को हवाई मार्ग से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। देवस्थान विभाग आयुक्त एल.एन. मंत्री ने बताया कि योजना के लिए शीघ्र ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसकी सूचना विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
15 प्रमुख तीर्थ स्थलों के होंगे दर्शन
प्रदेश सरकार की बजट घोषणा के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को देशभर के 15 प्रसिद्ध आस्था स्थलों की यात्रा का लाभ मिलेगा। योजना में पहली बार हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की निशुल्क यात्रा भी शामिल की गई है। विभाग का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
आवेदन के लिए जरूरी होंगे दस्तावेज
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त गितेशश्री मालवीया ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। आवेदन स्वयं या ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन के साथ जनाधार कार्ड, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण, पूर्व में योजना का लाभ नहीं लेने का स्व-घोषणा पत्र तथा मतदाता पहचान पत्र जरूरी होगा। यात्रियों का चयन प्राप्त आवेदनों में से लॉटरी के जरिए किया जाएगा। विभाग जल्द ही आवेदन तिथि घोषित करेगा।
