जमीन विवाद में परिवार ने मांगी सुरक्षा
Share
एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाया धमकाने और कब्जे का प्रयास करने का आरोप
चित्तौड़गढ़, 18 मई: चित्तौड़गढ़ जिले की गंगरार तहसील के एक गांव में रहने वाले परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर जमीन और मकान पर कब्जा करने के प्रयास के साथ लगातार धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दहशत में जीवन जीने को मजबूर हैं।
महिलाओं और बच्चों से गाली-गलौज का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके मकान, दुकान और खेती की जमीन हड़पना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से परिवार को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि आरोपी महिलाओं और बच्चों के साथ भी गाली-गलौज करते हैं तथा जान से मारने की धमकियां देते हैं। लगातार विवादों के चलते पूरा परिवार मानसिक तनाव में है और सामान्य जीवन प्रभावित हो चुका है।
देर रात हंगामा और फायरिंग का आरोप
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी देर रात शराब के नशे में घर पहुंचकर पत्थर और शराब की बोतलें फेंकते हैं। इतना ही नहीं, पूर्व में देशी पिस्टल से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि गोली उन्हें छूते हुए घर की दीवार पर लगी थी, जिसके बाद से परिवार भय के साए में जी रहा है। परिवार ने बताया कि पहले समझौते के तहत लिखित भरोसा भी दिया गया था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पीड़ितों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
