डीपीएस में 600 विद्यार्थियों को सिखाए सुरक्षा के गुर
Share
‘स्ट्रेंजर डेंजर-नो, गो, टेल’ अभियान में बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों से निपटने की जानकारी
उदयपुर, 2 सितंबर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर में कक्षा 9वीं और 10वीं के करीब 600 विद्यार्थियों के लिए सुरक्षा एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के ‘ट्रांसफॉर्मिंग ट्यूसडे’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में फैमिली कोर्ट के न्यायिक अधिकारी रणधीर सिंह मिर्धा ने विद्यार्थियों को ‘स्ट्रेंजर डेंजर-नो, गो, टेल’ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को अजनबी व्यक्ति की गतिविधियों और असुरक्षित परिस्थितियों को पहचानने के साथ ऐसी स्थिति में तत्काल किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को घबराने के बजाय आत्मविश्वास और साहस के साथ परिस्थिति का सामना करना चाहिए।
स्कूल के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। प्राचार्य संजय नरवरिया ने अतिथि का आभार व्यक्त किया।

