भटेवर की एल्युमीनियम फैक्ट्री में भीषण आग
Share
ऑयल गर्म करने के दौरान हादसा, 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
मजदूरों में मची अफरा-तफरी, सुरक्षित निकले बाहर
उदयपुर, 22 मार्च: उदयपुर जिले के भटेवर क्षेत्र में स्थित एक एल्युमीनियम फैक्ट्री में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। नवानिया रोड स्थित फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। हादसे में करीब 20 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान है, हालांकि समय रहते मजदूरों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना मन मंदिर एल्युमीनियम प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में दोपहर करीब 2 बजे हुई। उस समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग भड़कने पर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाकर बाहर की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही वल्लभनगर थाना पुलिस और उदयपुर से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं।
ऑयल लीकेज से भड़की आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भट्टी पर ऑयल गर्म करने के दौरान पाइप या टैंक से तेल का रिसाव हुआ, जिससे आग भड़क गई। गर्म तेल ने तेजी से आग पकड़ ली और कुछ ही समय में पूरी यूनिट को चपेट में ले लिया।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआत में आग इतनी तेज थी कि पानी की बौछारें भी बेअसर साबित हो रही थीं। पुलिस ने एहतियातन आसपास के रास्तों को भी कुछ समय के लिए बंद करवाया।
लाखों का सामान जलकर राख
फैक्ट्री मालिक चिराग जैन के अनुसार आग में मशीनें, कच्चा माल और तैयार एल्युमीनियम का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि आग आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं फैली, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
