सरकारी विभागों पर 20 करोड़ से ज्यादा का बिजली बिल बकाया
Share
एक हफ्ते में भुगतान नहीं तो कटेंगे कनेक्शन, निगम-यूडीए पर अकेले 18 करोड़
उदयपुर, 22 मार्च: बिजली विभाग ने बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अब सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अजमेर डिस्कॉम के उदयपुर सर्कल में विभिन्न सरकारी विभागों पर करीब 20.42 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
बकाया सूची में नगर निगम और यूडीएच (यूडीए) शीर्ष पर हैं, जिन पर अकेले करीब 18 करोड़ रुपए का बिल बकाया है। इसके अलावा जलदाय विभाग पर 1.16 करोड़ रुपए और कई ग्राम पंचायतों पर करीब 61 लाख रुपए का बकाया है। शहर की व्यवस्थाएं संभालने वाले ये विभाग ही भुगतान में सबसे पीछे हैं।
शहर में करोड़ों की वसूली अटकी
सिटी डिवीजन-2 में करीब 10 करोड़ रुपए और सिटी डिवीजन-1 में लगभग 7 करोड़ रुपए की वसूली लंबित है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लाखों रुपए का भुगतान अटका हुआ है। भिंडर और खेरवाड़ा क्षेत्रों में भी वसूली अभियान तेज किया गया है।
मार्च क्लोजिंग से पहले आखिरी चेतावनी
उदयपुर एसई केआर मीणा ने बताया कि मार्च क्लोजिंग को देखते हुए सभी बकायेदार विभागों को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियम सबके लिए समान हैं और तय समय सीमा में भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बिजली विभाग की टीमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय पर वसूली नहीं होने से बिजली आपूर्ति और व्यवस्थाओं पर असर पड़ सकता है, इसलिए अभियान को तेज कर दिया गया है।
