चित्तौड़गढ़ से कानपुर के लिए वीकली स्पेशल ट्रेन, चंदेरिया में भी ठहराव
Share
गर्मी की छुट्टियों में राहत, गुजरात-राजस्थान-यूपी को जोड़ेगी सेवा
चित्तौड़गढ़, 5 अप्रैल: गर्मी की छुट्टियों में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए असारवा–कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ते हुए लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प बनेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का लाभ चित्तौड़गढ़ जिले के यात्रियों को भी मिलेगा, क्योंकि इसका ठहराव चंदेरिया रेलवे स्टेशन पर भी रखा गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को सीधे कानपुर तक कनेक्टिविटी मिलेगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अनुसार ट्रेन संख्या 01906 हर मंगलवार सुबह 8:55 बजे असारवा स्टेशन से रवाना होगी और शाम 5:55 बजे चंदेरिया पहुंचेगी, जहां 5 मिनट का ठहराव रहेगा। इसके बाद यह ट्रेन बुधवार सुबह 7 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यह सेवा 7 अप्रैल से 14 जुलाई तक संचालित होगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 01905 हर सोमवार सुबह 8:15 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर रात 9:30 बजे चंदेरिया पहुंचेगी और मंगलवार सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचेगी। यह सेवा 6 अप्रैल से 13 जुलाई तक चलेगी।
ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर, उदयपुर सिटी, राणा प्रताप नगर, मावली जंक्शन, बूंदी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, फतेहपुर सीकरी, टूंडला और इटावा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच लगाए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्री अपने बजट के अनुसार सफर कर सकेंगे।
