उदयपुर में चाकूबाजी: युवक की हत्या, इलाके में तनाव
Share
आपसी रंजिश में वारदात, परिजन मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े
उदयपुर, 8 अप्रैल: शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय साहिल उर्फ सुहानी पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात करीब 12:30 बजे सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, साहिल अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सीने और कमर के नीचे चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घायल को तत्काल एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन मोर्चरी पहुंचे और 25 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग करने लगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं बहन के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
