अरावली कॉलेज में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प
Share
जिला नशा मुक्ति केंद्र ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, स्वस्थ समाज निर्माण का दिया संदेश
उदयपुर, 17 अप्रैल: युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा संचालित जिला नशा मुक्ति केंद्र की ओर से अरावली कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन विजयपाल सिंह सिसोदिया ने किया। उन्होंने जिला नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र नशे के शिकार लोगों को उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहा है।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जोगेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाएं।
आउटरीच वर्कर सागर बिलोची और सुदर्शन सिंह ने फील्ड अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित किया जाता है। उनके अनुभवों ने विद्यार्थियों को इस सामाजिक समस्या की गंभीरता से अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ ने नशा मुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह, हर्षवर्धन सिंह, श्वेता कुंवर, रीना धोबी और राजवीर डामोर सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
