उदयपुर में एमआईबीएफ चैप्टर का आगाज आज
Share
माहेश्वरी समाज के उद्योगपतियों को मिलेगा नया मंच, श्याम सुंदर मोहता संभालेंगे प्रथम अध्यक्ष पद
उदयपुर, 17 अप्रैल: माहेश्वरी समाज के व्यवसायिक विकास और नेटवर्किंग को नई दिशा देने के उद्देश्य से महेश्वरी इंटरनेशनल बिजनेस फाउंडेशन (एमआईबीएफ) उदयपुर में अपने नए चैप्टर का शुभारंभ शनिवार को करने जा रहा है। सोभागपुरा स्थित होटल ग्रैंड कॉन्टिनेंट में शाम 6 बजे आयोजित समारोह में चैप्टर की औपचारिक शुरुआत होगी।
एमआईबीएफ ऐसा मंच है, जो महेश्वरी समाज के व्यवसायियों, उद्योगपतियों और प्रोफेशनल्स को एक साथ जोड़कर आपसी सहयोग, नेटवर्किंग और व्यापार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराता है। उदयपुर चैप्टर को शुरुआत से पहले ही उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है और लगभग 40 सदस्य इससे जुड़ चुके हैं।
समारोह में एमआईबीएफ के संस्थापक प्रशांत माहेश्वरी और संतोष कुमार लाहोटी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। वे संस्था के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालेंगे।
सीए नरेश माहेश्वरी ने बताया कि उदयपुर चैप्टर की स्थापना में हितेश भदादा और भारत बहेती के प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं। उनके सहयोग से यह मंच उदयपुर में स्थापित हो सका है।
कार्यक्रम में श्याम सुंदर मोहता को एमआईबीएफ उदयपुर चैप्टर के प्रथम अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया जाएगा। उनके नेतृत्व में नई टीम चैप्टर की गतिविधियों को गति देने, नए सदस्यों को जोड़ने और मजबूत व्यवसायिक नेटवर्क तैयार करने का कार्य करेगी।
संस्था का उद्देश्य एक संगठित और सशक्त व्यापारिक नेटवर्क तैयार करना है, जो स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी समाज के व्यवसायियों को नई पहचान दिला सके।
