चित्तौड़गढ़ दुर्ग के जैन मंदिर में लाखों की चोरी
Share
सात ताले तोड़कर घुसे चोर, 9 किलो चांदी के छत्र और नकदी ले गए
चित्तौड़गढ़, 17 अप्रैल: चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मल्लिनाथ भगवान के जैन मंदिर में गुरुवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के चांदी के छत्र, धार्मिक सामग्री और नकदी चुरा ली। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात गार्ड अपने केबिन में सोते मिले।
चोर पहले पीछे से मंदिर में घुसने की कोशिश करते रहे, लेकिन असफल रहने पर मुख्य द्वार के सात ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। गर्भगृह का दरवाजा भी तोड़ा गया। सुबह मंदिर खुलने पर घटना का पता चला।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार चोर 9 किलो चांदी के 9 छत्र, पंचमेरू, चांदी के चंवर, सिंहासन, अष्टधातु की प्रतिमाएं और करीब एक लाख रुपए नकद ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
