LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ के दो किसान बेटों ने RAS में लहराया परचम

Local

प्रतापगढ़ के दो किसान बेटों ने RAS में लहराया परचम

Share

रामसिंह गुर्जर ने हासिल की 10वीं और अभय सिंह आंजना ने 15वीं रैंक, संघर्ष और धैर्य बना सफलता की कुंजी
प्रतापगढ़, 18 अप्रैल
: राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS)-2024 के परिणाम में प्रतापगढ़ जिले के दो किसान परिवारों के बेटों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। रठांजना थाना क्षेत्र के छायन गांव निवासी रामसिंह गुर्जर ने 10वीं और जहाजपुर निवासी अभय सिंह आंजना ने 15वीं रैंक प्राप्त की है। सीमित संसाधनों, कठिन परिस्थितियों और लगातार चुनौतियों के बावजूद दोनों युवाओं ने अपने दृढ़ संकल्प और कठिन मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है और युवाओं को नई प्रेरणा मिली है।
रामसिंह गुर्जर वर्तमान में बांसवाड़ा में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि नौकरी के साथ पढ़ाई करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी के बाद प्रतिदिन 5 से 8 घंटे स्वअध्ययन किया। अपने नोट्स तैयार किए और समसामयिक विषयों पर लगातार पकड़ बनाए रखी। यह उनका तीसरा प्रयास था। दूसरे प्रयास में उन्हें 480वीं रैंक मिली थी, लेकिन उन्होंने उसे असफलता नहीं बल्कि सीखने का अवसर माना। रामसिंह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके माता-पिता ने सीमित साधनों के बावजूद उनकी शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी।
वहीं अभय सिंह आंजना भी किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार आरएएस की तैयारी की। 2021 में उनका चयन सब इंस्पेक्टर भर्ती में हुआ था, लेकिन भर्ती प्रक्रिया रद्द होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। अभय ने कहा कि सरकारी नौकरी अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करना असली उद्देश्य है। दोनों युवाओं की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम और धैर्य से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *