LOADING

Type to search

डोटासरा का भाजपा पर तीखा हमला, बोले पहले अपने अंदरूनी विवाद सुलझाए

Local

डोटासरा का भाजपा पर तीखा हमला, बोले पहले अपने अंदरूनी विवाद सुलझाए

Share

रिफाइनरी हादसे को बताया गंभीर चूक, पीएम के होते हादसा होता हम मुंह दिखाने लायक नहीं रहते
उदयपुर, 22 अप्रैल
: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने उदयपुर दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। मध्यप्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हिरासत, पचपदरा रिफाइनरी हादसा, महिला आरक्षण, मतदाता सूची और पंचायत चुनाव जैसे मुद्दों पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष पर कार्रवाई करने के बजाय पहले अपने अंदरूनी झगड़े सुलझाए।
डोटासरा ने कहा कि वसुंधरा राजे से जुड़े मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि सरकार को यह पता लगाना चाहिए कि संबंधित पोस्ट किसने तैयार की और सबसे पहले किसने वायरल की। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सामग्री कई लोगों ने साझा की तो कार्रवाई केवल चुनिंदा लोगों पर ही क्यों की जा रही है।
रिफाइनरी हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए डोटासरा ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताया। उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी कांग्रेस की सोच थी और इसका शिलान्यास सोनिया गांधी ने किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि परियोजना समय पर शुरू हो जाती तो वर्तमान परिस्थितियों में मदद मिलती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले हादसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए कि यह दुर्घटना थी या साजिश।
महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि सरकार मौजूदा कानून को लागू करने के बजाय संशोधन की बात कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा महिला आरक्षण को लागू करने में गंभीर नहीं है और परिसीमन के नाम पर भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।
पंचायती राज चुनावों पर उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद ओबीसी आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ओबीसी डेटा सार्वजनिक कर संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार पंचायत चुनाव कराए जाएं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर डोटासरा ने दावा किया कि भाजपा पूरी ताकत लगाने के बावजूद राज्य में दोबारा ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को भी वहां अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *