LOADING

Type to search

हत्या की वारदातों से मेवाड़ अंचल में दहशत

crime

हत्या की वारदातों से मेवाड़ अंचल में दहशत

Share

कहीं खेत में मिला बुजुर्ग का शव, कहीं जेठ ने की बहू की हत्या, तो कहीं गहनों के लिए बुजुर्ग महिला को मार डाला
उदयपुर/डूंगरपुर/सलूंबर, 11 मई :
मेवाड़ अंचल में सोमवार को हत्या की तीन अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। उदयपुर के सायरा में बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। वहीं डूंगरपुर में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। दूसरी ओर सलूंबर में गहने लूटने के लिए एक बुजुर्ग महिला को सुनसान जंगल में ले जाकर गला दबाकर मार डाला गया। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश और पूछताछ तेज कर दी है।

उदयपुर में बुजुर्ग की हत्या कर खेत में फेंका शव

मुंह, सिर और गले पर मिले गंभीर चोटों के निशान, नुकीले हथियार से हमले की आशंका
उदयपुर, 11 मई:
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग का खून से लथपथ शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रावो का सायरा निवासी 60 वर्षीय मोहनलाल पुत्र खमाणा मेघवाल के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मोहनलाल रविवार रात एक परिचित व्यक्ति के साथ घर से निकले थे। उन्होंने थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। परिजनों ने उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए तो वहां मोहनलाल का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बेरहमी से किया गया हमला
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि मृतक के सिर, गले और मुंह पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने नुकीले हथियार या पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर हत्या की। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मोहनलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनके साथ उन्हें आखिरी बार देखा गया था। फिलहाल शव को सायरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।

छोटे भाई की पत्नी की लोहे की रॉड से हत्या

पति के घर से बाहर जाते ही जेठ ने कमरे में घुसकर किया हमला
डूंगरपुर, 11 मई:
डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात सोमवार सुबह उस समय हुई, जब महिला का पति काम से बाहर गया हुआ था। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी जेठ को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजपुर गांव निवासी जीवतराम सोमवार सुबह काम के सिलसिले में कुशलगढ़ गया था। उसके घर से निकलते ही बड़ा भाई शांतिलाल भगोरा छोटे भाई के कमरे में पहुंचा और उसकी पत्नी प्रमिला पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन
महिला की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही ओबरी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त कर साक्ष्य जुटाए।
मृतका के पीहर पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी शांतिलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।बहाने से बाइक पर बैठाकर सुनसान जंगल में ले गया आरोपी

बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, गहने लूटे


सलूंबर, 11 मई: सलूंबर जिले के बनोड़ा गांव में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर चांदी के गहने लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी गांव की ही 80 वर्षीय महिला को बहाने से बाइक पर बैठाकर करीब सात किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला के गहने लूटकर शव को पुलिया के नीचे फेंककर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार बनोड़ा गांव निवासी मरती देवी 6 मई की शाम से लापता थीं। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही हिरालाल पटेल पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
आधा किलो चांदी के कड़े लूटे
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिला को बाइक पर बैठाकर बेडावल रोड स्थित सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया था। वहां पुलिया के पास गला दबाकर हत्या की और महिला के पहने हुए करीब आधा किलो चांदी के कड़े उतार लिए। बाद में शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया।
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल पहुंची, जहां महिला का शव बरामद हुआ। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे लूटे गए गहनों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *