डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत
Share
शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था युवक, एक साथी घायल
डूंगरपुर, 16 मई: डूंगरपुर-आसपुर रोड पर तिजवड़ स्कूल के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना एएसआई अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक राहुल पारगी (22) गुजरात में कारीगरी का काम करता था और गांव में शादी समारोह होने के कारण दो दिन पहले ही घर लौटा था। शुक्रवार शाम वह अपने साथियों हेमेंद्र कलासुआ (22) और विशाल परमार (23) के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान तिजवड़ स्कूल के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे में राहुल और हेमेंद्र की मौत हो गई, जबकि घायल विशाल का अस्पताल में इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
