तेज गर्मी से सुस्त पड़ा पर्यटन कारोबार, होटल खाली
Share
लू के थपेड़ों के बीच पर्यटकों का इंतजार कर रहे ऊंटवाले और ऑटो ड्राइवर
उदयपुर, 17 मई: झीलों की नगरी उदयपुर इन दिनों भीषण गर्मी और कमजोर पर्यटन सीजन की दोहरी मार झेल रही है। तेज गर्मी के चलते शहर के बड़े होटल पिछले साल की तुलना में 40 से 60 प्रतिशत तक खाली पड़े हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने तनावपूर्ण माहौल का असर भी पर्यटन कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है। फिलहाल स्कूलों की छुट्टियां पूरी तरह शुरू नहीं होने से घरेलू पर्यटकों की संख्या भी बेहद कम है। ऐसे में वेडिंग टूरिज्म ही होटल इंडस्ट्री के लिए सहारा बना हुआ है।
फतेहसागर पर पसरा सन्नाटा

भीषण गर्मी का असर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर साफ नजर आ रहा है। फतेहसागर झील, जहां सामान्य दिनों में भारी भीड़ रहती है, वहां दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है। ऊंटवाले, घोड़े वाले, ऑटो ड्राइवर और बोटिंग संचालक दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक तेज धूप और लू के बीच पर्यटकों का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।
सिटी पैलेस, सहेलियों की बाड़ी, पिछोला झील, सज्जनगढ़ और बागोर की हवेली जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की संख्या बेहद कम हो गई है। यहां आने वाले अधिकांश लोग शादी समारोहों में शामिल होने पहुंचे मेहमान हैं।
41 डिग्री के पार पहुंचा पारा

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि पिछले दो दिनों से हल्के बादल और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को मामूली राहत मिली है।
ठंडी जगहों की ओर बढ़ा रुझान
होटल मालिक संजय लोढ़ा ने बताया कि नई बुकिंग्स में भारी गिरावट आई है। वहीं एक अन्य होटल मालिक जय शर्मा के अनुसार इस बार लोग गर्मी से बचने के लिए उत्तराखंड, चारधाम और कश्मीर जैसे ठंडे पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
